home page

कुशीनगर में मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हादसा, 09 बच्चों समेत 13 लोगों की कुएं में गिरने से मौत 

 | 
कुशीनगर में मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हादसा, 09 बच्चों समेत 13 लोगों की कुएं में गिरने से मौत 
बुधवार को जनपद कुशीनगर के थाना क्षेत्र नेबुआ नौरंगिया के ग्राम नौरंगिया में रात्रि तकरीबन 10:00 बजे स्लैब टूटने से 30 लोग कुएं में गिर गए. इस हादसे में 09 बच्चों समेत 13 लोगों ने अपनी जान गंवा दी. हादसे के समय सभी लोग परिवार में हल्दी की रस्म के दौरान चल रहे डांस कार्यक्रम को देख रहे थे. रेस्क्यू अभियान चलाकर कई थानों की फोर्स ने कुएं में फंसे लोगों को बाहर निकाला.

ऐसे हुई दुर्घटना

आपको बता दें कि, आज गुरुवार को कुशीनगर के ग्राम नौरंगिया स्थित स्कूल टोला निवासी परमेश्वर कुशवाहा के पुत्र का विवाह कार्यक्रम तय है. विवाह की रस्मों के अनुसार परिवार की महिलाएं एवं बच्चे हल्दी की रस्म की अदायगी के क्रम में मटकोड करने के लिए गांव में स्थित कुएं पर पहुंची थीं. इस दौरान बच्चे तथा महिलाएं कुएं पर बने स्लैब पर खड़े होकर डांस देखने लगे, तभी स्लैब टूटकर कुएं में गिर गया. स्लैब टूटने के साथ ही उसके ऊपर खड़ी महिलाएं तथा बच्चे भी कुएं में गिरकर दब गए. हादसे की सूचना से पूरे गांव में कोहराम मच गया. सभी ग्राम वासी दुर्घटनास्थल की ओर दौड़ने लगे.

रेस्क्यू अभियान में लगा डेढ़ घंटा

घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की फोर्स ने मोर्चा संभाल लिया. ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस कर्मियों ने अभियान चला कर कुएं में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया. इस अभियान में डेढ़ घंटे का समय लगा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. जिला अस्पताल पहुंचने पर, चिकित्सकों ने 11 घायलों को मृत घोषित कर दिया. उधर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा में भर्ती दो बच्चों की भी उपचार के दौरान मौत हो गई.

सीएम योगी ने कुशीनगर हादसे पर व्यक्त किया शोक

सीएमएस डॉ. एस के वर्मा के अनुसार दो महिलाओं समेत पांच से पच्चीस वर्षीय 11 लोगों की इस दुर्घटना में मृत्यु हो गई. वहीं अभी अन्य घायल उपचाराधीन हैं. जिलाधिकारी एस राजलिंगम एवं पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र पटेल के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे से हर कोई स्तब्ध है, हादसे की जांच कराई जा रही है. वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी प्रशासन को निर्देशित करते हुए, इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है.