home page

कूनो में गोली के छर्रों से चीते की मौत की जांच के लिए केंद्र ने भेजी उच्चस्तरीय टीम

 | 
कूनो में गोली के छर्रों से चीते की मौत की जांच के लिए केंद्र ने भेजी उच्चस्तरीय टीम


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 19 महीने के नर चीते की गोली के छर्रों से घायल होने के बाद मौत के मामले में केंद्र सरकार ने उच्चस्तरीय टीम भेजी है। टीम घटनास्थल और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के साथ उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल करेगी। केंद्र ने मध्य प्रदेश वन विभाग के साथ समन्वय कर मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय टीम में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के वन महानिरीक्षक, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) के अतिरिक्त निदेशक और क्षेत्रीय उपनिदेशक शामिल हैं। टीम राज्य सरकार की जांच में सहयोग करेगी। इसके साथ ही चीते की सुरक्षा के लिए लागू प्रोटोकॉल, निगरानी और संरक्षण उपायों की भी समीक्षा करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना को रोका जा सके।

मंत्रालय के अनुसार, चीता निरवा की संतान 19 महीने का नर चीता 25 अक्टूबर को कूनो राष्ट्रीय उद्यान के संरक्षित क्षेत्र से बाहर मुरैना के क्षेत्रीय वन क्षेत्र में घायल मिला था। उसी दिन उसे श्योपुर क्षेत्रीय वन प्रभाग से जबलपुर के पशु चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। वहां उसे गहन चिकित्सा और आपातकालीन सर्जरी की गई। सर्जरी के दौरान उसके शरीर से गोली के पांच छर्रे निकाले गए। बावजूद इसके 27 अक्टूबर को चीते की मौत हो गई। चिकित्सा जांच में गोली के छर्रों से कई आंतरिक चोटों की पुष्टि की गई है।

मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए वन और पुलिस अधिकारियों को शामिल करते हुए विशेष कार्यबल (एसटीएफ) का गठन पहले ही कर दिया है। वहीं, केंद्रीय टीम राज्य की जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेगी। वह अपनी जांच के निष्कर्ष और सिफारिशें मंत्रालय को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे के निर्देश दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर