home page

बेंगलुरु में 8,335 एलएसडी स्ट्रिप्स समेत 10 करोड़ की ड्रग्स जब्त, केरल के दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
बेंगलुरु में 8,335 एलएसडी स्ट्रिप्स समेत 10 करोड़ की ड्रग्स जब्त, केरल के दो तस्कर गिरफ्तार


बेंगलुरु, 03 मार्च (हि.स.)। शहर में बढ़ती ड्रग्स तस्करी पर शिकंजा कसते हुए बेंगलुरु सिटी पुलिस और सीसीबी नारकोटिक्स विंग ने मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई में करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस मामले में केरल मूल के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि बागलूर रोड स्थित प्रेस्टीज फिन्सबरी पार्क अपार्टमेंट के एक फ्लैट पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एलएसडी, हाइड्रो गांजा और चरस बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अश्विन (27) और मोबिना (25) के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपित थाईलैंड निवासी विन्सेंट नामक व्यक्ति से हवाई मार्ग के जरिए ड्रग्स मंगवाते थे। इसके बाद वे शहर के विभिन्न इलाकों में इन मादक पदार्थों की सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने ड्रग्स तस्करी को ही अपना मुख्य व्यवसाय बना लिया था।

पुलिस की इस कार्रवाई में पहली बार राज्य में 8,335 एलएसडी स्ट्रिप्स बरामद की गई हैं। प्रत्येक स्ट्रिप की कीमत लगभग 6,000 रुपये आंकी गई है। एलएसडी स्ट्रिप्स पर देवी-देवताओं की तस्वीरों सहित विभिन्न कलात्मक डिजाइनों की छपाई की गई थी, जिससे उन्हें आकर्षक बनाया गया था। इसके अलावा 534 ग्राम चरस और 5 किलोग्राम हाइड्रो गांजा भी जब्त किया गया है।

पुलिस फ्लैट मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दोनों आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा