कर्नाटक में सूखे से 62,481 करोड़ का नुकसान, राज्य सरकार ने केंद्र से 22,400 करोड़ की राहत मांगी
- उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र- राज्य के 226 तालुकों में सूखे की स्थिति, 57.93 लाख हेक्टेयर में फसलें बर्बाद- राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को पहली किस्त के रूप में न्यूनतम पांच हजार रुपये की सहायता दी
बेंगलुरु, 23 नवंबर (हि.स.)। कर्नाटक में गंभीर सूखे की स्थिति को देखते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने और राज्य की ओर से मांगी गई सूखा राहत राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया है। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को अलग-अलग पत्र लिखे हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं से अवगत कराने के लिए तीनों नेताओं से मुलाकात का समय भी मांगा है।
दो नवंबर को लिखे गए अपने पूर्व पत्रों का उल्लेख करते हुए जी. परमेश्वर ने कहा कि कर्नाटक हाल के वर्षों के सबसे गंभीर सूखे का सामना कर रहा है। राज्य के 226 तालुकों में सूखे की स्थिति है और 57.93 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हुई हैं। इससे कुल 62,481.88 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) के तहत 22,400.58 करोड़ रुपये की सहायता के लिए संशोधित समग्र ज्ञापन केंद्र को सौंपा है।
उन्होंने पत्र में कहा कि इन आंकड़ों के पीछे लाखों किसान परिवारों का दर्द और संकट छिपा है। फसलें गंवाने वाले अनेक किसानों ने अपनी आय का मुख्य स्रोत खो दिया है और बचत भी खर्च कर दी है। उन्हें रोजमर्रा का खर्च चलाने, कृषि ऋण चुकाने और अगले फसल सीजन की बुवाई की तैयारी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. परमेश्वर ने बताया कि सूखा प्रभावित किसानों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से राहत की पहली किस्त जारी की है। इसके तहत प्रत्येक पात्र किसान को न्यूनतम पांच हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र से सहायता मिलने तक किसानों को इंतजार नहीं करना पड़े, इसलिए राज्य सरकार ने अपने स्तर पर राहत देने की पहल की है। हालांकि, सूखे की गंभीरता और कृषि क्षेत्र को हुए भारी नुकसान को देखते हुए केवल राज्य के संसाधनों से इस संकट का सामना करना मुश्किल है।
जी. परम्श्वर ने चिंता जताई कि राहत राशि मिलने में देरी से ग्रामीण परिवारों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे किसानों के लिए आर्थिक संकट से उबरना भी कठिन हो जाएगा।
केंद्र सरकार के रवैये पर निराशा जताते हुए परमेश्वर ने कहा कि कर्नाटक की कई महत्वपूर्ण मांगों पर केंद्र से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला है। लाखों किसान परिवारों के जीवन को प्रभावित करने वाले इतने गंभीर संकट के बावजूद केंद्र की ओर से आवश्यक ध्यान नहीं दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की कोई राजनीतिक सीमा या वैचारिक भिन्नता नहीं होती। ऐसे संकट के समय उठाए जाने वाले कदमों में राजनीतिक मतभेदों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। लाखों लोगों के जीवन और आजीविका का सवाल होने पर केंद्र और राज्य सरकारों को मिलकर काम करना चाहिए। संकट के समय आपसी सहयोग से काम करना ही भारत की संघीय व्यवस्था और लोकतंत्र की वास्तविक ताकत है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारों को सूखे के दौरान केवल तत्काल राहत देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। ऐसी व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है, जिससे एक वर्ष बारिश नहीं होने पर किसान परिवार कर्ज के जाल में फंसने या वर्षों की मेहनत गंवाने को मजबूर न हों। इसके लिए कृषि क्षेत्र को दीर्घकालिक रूप से मजबूत बनाना आवश्यक है।
डॉ. परमेश्वर ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों से राज्य सरकार के संशोधित सूखा राहत प्रस्ताव को प्राथमिकता देने तथा 22,400.58 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता को शीघ्र मंजूरी देकर जारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने राज्य में सूखे की स्थिति, किसानों की परेशानियों और तत्काल आवश्यक सहायता के बारे में व्यक्तिगत रूप से जानकारी देने के लिए जल्द मुलाकात का समय देने की भी अपील की है।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक के किसानों ने देश के विकास और खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे कठिन समय में उन्हें केंद्र और राज्य सरकारों का पूरा सहयोग मिलना चाहिए। किसानों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनिश्चितकाल तक इंतजार करने की स्थिति में नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

