home page

गारंटी योजनाएं भी विकास का हिस्सा, केंद्र से बेहतर है राज्य की आर्थिक स्थिति : सिद्धारमैया

 | 
गारंटी योजनाएं भी विकास का हिस्सा, केंद्र से बेहतर है राज्य की आर्थिक स्थिति : सिद्धारमैया


चिक्कमगलुरु, 13 अप्रैल (हि.स.)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि जनकल्याण के लिए लागू की गई गारंटी योजनाएं भी विकास का ही एक अहम रूप हैं और इन योजनाओं के बावजूद राज्य की आर्थिक स्थिति केंद्र से बेहतर बनी हुई है।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सोमवार को चिक्कमगलुरु जिले के हंदूर गांव से नरसिंहराजपुर को जोड़ने वाली भद्रा बैकवाटर पर निर्मित पुल सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल समेत कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि गारंटी योजनाओं को लेकर यह प्रचार किया जा रहा है कि राज्य का खजाना खाली हो गया है और विकास कार्य ठप हो गए हैं, जबकि उनकी सरकार ने गारंटी योजनाओं और विकास कार्यों को समानांतर रूप से आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि गारंटी योजनाएं सामाजिक और आर्थिक न्याय सुनिश्चित करने का माध्यम हैं। इस संदर्भ में उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ-साथ आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्वतंत्रता भी आवश्यक है।

केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भद्रा अपर परियोजना के लिए वर्ष 2023-24 के बजट में 5300 करोड़ रुपये की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक यह राशि जारी नहीं की गई, जिससे राज्य के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी गारंटी योजनाओं की आलोचना करती है, जबकि अन्य राज्यों में समान योजनाएं लागू कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार अब तक गारंटी योजनाओं पर 1.30 लाख करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। आर्थिक आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जहां केंद्र की जीडीपी वृद्धि दर 7.14 प्रतिशत है, वहीं कर्नाटक की वृद्धि दर 8.1 प्रतिशत है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देश का कुल कर्ज 53.11 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 218 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

सिद्धारमैया ने दावा किया कि कर्नाटक की आर्थिक स्थिति मजबूत है और यह वित्तीय जिम्मेदारी कानून के मानकों के अनुरूप है, जबकि विपक्ष राज्य की स्थिति को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहा है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा