फोन टैपिंग के आरोपों पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का पलटवार, बोले-‘हमारे रिश्ते दूध-शहद जैसे’
बेंगलुरु, 03 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार पर नजर रखने के लिए फोन टैपिंग कराए जाने के विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पलटवार किया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक और केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी की ओर से लगाए गए आरोपों को उन्होंने “चोर की दाढ़ी में तिनका” कहावत से जोड़ते हुए हताशा भरा बयान बताया।
अपने जारी बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद से ही उनके और डी.के. शिवकुमार के संबंधों में दरार डालने की लगातार कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया, “हम दोनों के संबंध दूध-शहद जैसे हैं। झूठी खबरों से हमारे रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोप लगाने वाले नेता अपने कार्यकाल में गृह विभाग और खुफिया विभाग संभाल चुके हैं, इसलिए उनके अनुभव के आधार पर ही ऐसे आरोप लगाए जा रहे प्रतीत होते हैं।
उन्होंने कहा, “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है। यह न तो भारतीय जनता पार्टी की तरह है, जहां प्रधानमंत्री के सामने बोलने में हिचक होती है और न ही जनता दल (सेक्युलर) की तरह, जहां एक परिवार का वर्चस्व है। हमारे विधायक किसी व्यक्ति विशेष के नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के समर्थक हैं। हाईकमान का निर्णय ही अंतिम होता है।”
सिद्धारमैया ने आरोप लगाया कि भाजपा और जेडीएस के नेता डी.के. शिवकुमार को अपने पक्ष में करने के लिए साजिशन संबंध खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “शिवकुमार कट्टर कांग्रेसी हैं। झूठे मुकदमों और जेल भेजने की कोशिशों के बावजूद वे पार्टी के प्रति निष्ठावान रहे हैं।”
राज्य की राजनीतिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन कमल’, रिसॉर्ट राजनीति और सरकारों की अस्थिरता विपक्ष की गलत नीतियों का परिणाम रही है। उन्होंने बताया कि 2004 से 2013 के बीच राज्य में पांच मुख्यमंत्री और 2018 से 2023 के बीच तीन मुख्यमंत्री बदले गए। उन्होंने 2018 में कुमारस्वामी के मुख्यमंत्री रहते आदिचुंचनगिरि के संत के फोन टैपिंग के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि जांच एजेंसी सीबीआई ने सात संतों के फोन टैप होने की बात कही थी।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि पुलिस, सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग के दुरुपयोग के आरोप देशभर में लगाए जा रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार किसी भी दबाव के आगे झुकेगी नहीं।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष से रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस को पांच वर्ष का जनादेश दिया है। सभी साजिशों के बावजूद सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और राज्य में कांग्रेस का ही मुख्यमंत्री रहेगा।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

