home page

चित्रदुर्ग में बी.एस. येदियुरप्पा के ‘अभिमानोत्सव’ में शामिल होंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

 | 
चित्रदुर्ग में बी.एस. येदियुरप्पा के ‘अभिमानोत्सव’ में शामिल होंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह


बेंगलुरु, 08 मई (हि.स.)। कर्नाटक के चित्रदुर्ग में 09 अप्रैल (शनिवार) को आयोजित होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के सार्वजनिक जीवन के स्वर्णिम अवसर “अभिमानोत्सव” कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।

यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने शुक्रवार को दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर कहा कि “पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के सार्थक राजनीतिक जीवन के स्वर्ण ‘अभिमानोत्सव’ में भाग लेने आ रहे वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह तथा सहकारिता मंत्री अमित शाह का किलेनगरी चित्रदुर्ग में हार्दिक स्वागत है।”

विजयेंद्र ने आगे कहा कि अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद अमित शाह ने येदियुरप्पा के प्रति सम्मान और राज्य के कार्यकर्ताओं के प्रति स्नेह के कारण यह कार्यक्रम स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सीधे चित्रदुर्ग पहुंचेंगे, जिसके लिए पार्टी उनकी आभारी है।

दरअसल, यह आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के लंबे राजनीतिक जीवन, किसान हितों के लिए उनके संघर्ष और कर्नाटक की राजनीति में उनके योगदान को स्मरण करने के लिए किया जा रहा है। कार्यक्रम में राज्यभर से लाखों कार्यकर्ताओं, समर्थकों और नेताओं के शामिल होने की संभावना है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा