मैसूरु: कावेरी नदी में डूबने से 6 लोगों की मौत, उर्स कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा
- मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की
मैसूरु, 19 अप्रैल (हि.स.)। कर्नाटक के मैसूरु जिले के केआर नगर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें कावेरी नदी में डूबने से छह लोगों की मौत हो गई। यह घटना अर्केश्वर मंदिर के पास स्थित पुराने एडथोरे अर्केश्वर स्वामी मंदिर क्षेत्र में हुई। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
यहां स्थित हजरत खादर लिंगवल्ली दरगाह में उर्स कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवार शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान आठ लोग कावेरी नदी में उतरे और तैरने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा और गहराई के कारण छह लोग पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायलों को आगे के इलाज के लिए मैसूरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मैसूरु के 5 वर्षीय उमर, बेंगलुरु की 13 वर्षीय ऐमन, केआर नगर के 13 वर्षीय अफीफ, बेंगलुरु के 23 वर्षीय यासीन, बेंगलुरु की 22 वर्षीय नेहा और ऊटी की 30 वर्षीय फातिमा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही केआर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये प्रति परिवार के मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार को बिछड़ने के इस दुःख को सहने की शक्ति मिले। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने परिवार के मुखिया को खो दिया है और जो संकट में हैं, उन्हें मानवीय सहायता के रूप में 5 लाख रुपये प्रति परिवार दिए जाएंगे। ईश्वर करे कि दुर्घटना में बचाए गए और अस्पताल में इलाज करा रहे लोग शीघ्र स्वस्थ हो जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

