home page

राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुईं कोयल मल्लिक, कहा- देश सेवा के लिए मिला बड़ा मंच

 | 
राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुईं कोयल मल्लिक, कहा- देश सेवा के लिए मिला बड़ा मंच


कोलकाता, 05 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा सदस्य के लिए नामांकन दाखिल करने से ठीक पहले बंगाली अभिनेत्री कोयल मल्लिक सोमवार सुबह औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई हैं। वे सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कोयल ने कहा, उच्च सदन (राज्यसभा) का सदस्य बनने का अवसर पाकर मैं खुद को धन्य महसूस कर रही हूं। यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं हमेशा से लोगों के कल्याण और सेवा के धर्म का पालन करती आई हूं। एक बड़ा राजनीतिक मंच मिलने से स्वाभाविक रूप से जनसेवा की क्षमता बढ़ जाती है। मुझे उम्मीदवार बनाने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शुभेंदु अधिकारी को विशेष धन्यवाद देना चाहती हूं।

बंगाल में पिछले कुछ महीनों में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कोयल ने खुशी जाहिर की। उन्होंने राज्य से प्रतिभाओं के पलायन पर चिंता जताते हुए कहा, जब हमारे युवा अच्छी पढ़ाई करने के बाद रोजगार के लिए राज्य से बाहर चले जाते हैं और वहीं बस जाते हैं, तो यह देखकर बहुत दुख होता है। अगर मैं इस दिशा में कुछ कर सकी और उन्हें रोक पाने में सफल रही, तो खुद को भाग्यशाली मानूंगी। मेरी यही कामना है कि बंगाल का हर व्यक्ति खुशहाल रहे और यहां रोजगार के भरपूर अवसर पैदा हों।

गौरतलब है कि कोयल मल्लिक ने इसी साल अप्रैल में तृणमूल कांग्रेस के सांसद के तौर पर शपथ ली थी। लेकिन, चार मई को आए विधानसभा चुनाव परिणामों में तृणमूल की हार के बाद राज्य में राजनीतिक समीकरण बदलने लगे। इसी क्रम में कोयल ने 16 जुलाई को राज्यसभा में टीएमसी सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के तुरंत बाद उनके दिल्ली के एक वरिष्ठ भाजपा नेता से मुलाकात की खबरें भी सामने आई थीं। इसके बाद चार अक्टूबर को भाजपा द्वारा जारी राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची में पश्चिम बंगाल से कोयल मल्लिक को उम्मीदवार घोषित किया गया।

अपनी पुरानी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के बारे में पूछे जाने पर कोयल ने कोई भी नकारात्मक टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, दोनों दलों की विचारधाराएं अलग-अलग हैं और हर पार्टी अपने तरीके से लोगों की भलाई करने की कोशिश करती है। मेरे लिए सबसे बड़ा धर्म इंसानियत है। मुझे इस बात का गर्व है कि मैं अब एक ऐसी पार्टी का हिस्सा बनी हूं, जहां पिछले कुछ महीनों से जमीनी स्तर पर विकास के काम बहुत अच्छी तरह से हो रहे हैं।

भाजपा में शामिल होने और दल बदलने को लेकर सोशल मीडिया पर बन रहे मीम्स और तीखे कटाक्ष पर कोयल ने पूरी तरह से संयम बरता। मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) की छात्रा रहीं कोयल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मुझे किसी से कोई शिकायत या गुस्सा नहीं है। मेरा व्यक्तिगत तौर पर यह मानना है कि जो लोग दूसरों को नीचा दिखाकर या अपमानित करके मानसिक शांति पाते हैं, वे अपनी किसी आंतरिक कुंठा से ऐसा करते हैं। यदि वे लोग अपने जीवन में खुश और संतुष्ट होते, तो वे कभी दूसरों का अपमान कर आनंद नहीं लेते। मैं उनके अच्छे मानसिक स्वास्थ्य की कामना करती हूं। मैं किसी के भी बारे में बुरा नहीं बोलूंगी, बस देश की भलाई और सेवा के काम आ सकूं, इसके लिए आप सभी का आशीर्वाद चाहती हूं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर