केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने रेलमंत्री को पत्र लिखकर तेलंगाना से हिंदी प्रदेशों के लिए रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की
हैदराबाद, 09 अप्रैल(हि.स.)। केन्द्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर तेलंगाना का हिंदी पट्टी के राज्यों से रेल संपर्क बढ़ाने की मांग की है। केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने यह पत्र बिहार समाज सेवा संघ और अन्य संगठनाें की मांग काे देखते हुए लिखा है।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने अपने समकक्ष अश्विनी वैष्णव को 6 अप्रैल, 2026 को लिखे पत्र में बिहार समाज सेवा संघ की मांगों का उल्लेख करते हुए ज्ञापन को संलग्न किया है। रेड्डी ने अपने पत्र में प्रवासी मजदूरों और तीर्थयात्रियों के आने-जाने में हो रही परेशानियाें का भी उल्लेख करते हुए हिन्दी भाषी राज्याें के लिए नई ट्रेन चलाने और कुछ गाड़ियों को नियमित करने की जरुरत बतायी है। उन्हाेंने लिखा कि प्रवासी मजदूरों की तेलंगाना आने-जाने में हो रही परेशानी अब बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।
दरअसल, हैदराबाद में सक्रिय सामाजिक-राजनीतिक संगठन कई सालाें से बिहार-यूपी-झारखंड और मध्यप्रदेश के बीच ट्रेन सेवा को बेहतर बनाने की मांग उठाते आ रहे हैं। पिछले दिनों भी बिहार समाज सेवा संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने केन्द्रीय मंत्री और सिकंदराबाद के भाजपा सांसद जी. किशन रेड्डी से मिला था। इस दाैरान उन्हाेंने एक ज्ञापन भी सौंपा था, जिसमें रेलवे से जुड़ी कई मांगें शामिल थी। बिहार समाज सेवा संघ के चेयरमैन राजू ओझा ने केंद्रीय मंत्री को पूर्व में सौंपे ज्ञापनों की याद दिलाई। उन्हाेंनेफिर से हैदराबाद से वाराणसी, सिकंदराबाद से पटना और चेर्लापल्ली से रांची के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग की।
संघ ने अपने ज्ञापन में लिखा कि बड़ी संख्या में हिंदी प्रदेशों से प्रवासी लोग रोजी-रोजगार और नौकरी-पेशा के सिलसिले में तेलंगाना आते-जाते रहते हैं। गर्मी के मौसम में खासकर शादी-विवाह, पर्व-त्यौहार या फसलों के बोने-काटने के दिनों में आवाजाही की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में ना ट्रेन में टिकट मिलती है और ना सीट। दूसरी ओर आंध्रप्रदेश और तेलंगाना से बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी, प्रयागराज और अयोध्या जैसे तीर्थस्थलों पर भी जाते हैं। उनको भी आवाजाही में बहुत समस्या आती है। संघ ने नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से जोड़ने के लिए सीधी रेल चलाने की जरुरत पर बल दिया है। अब केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी के पत्र के बाद प्रवासियों और श्रद्धालुओं की उम्मीद बढ़ गयी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

