home page

खरगे ने रिजिजू को लिखा पत्र, नारी वंदन अधिनियम पर सर्वदलीय बैठक की मांग

 | 
खरगे ने रिजिजू को लिखा पत्र, नारी वंदन अधिनियम पर सर्वदलीय बैठक की मांग


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नारी वंदन अधिनियम-2023 के क्रियान्वयन और सरकार द्वारा प्रस्तावित नए संवैधानिक संशोधन पर सभी दलों को चर्चा का अवसर मिलना चाहिए।

खरगे ने पत्र में उल्लेख किया कि उन्होंने 16 मार्च 2026 को रिजिजू को पहले ही पत्र लिखकर ऐसी बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में बैठक कर अधिनियम के क्रियान्वयन की रूपरेखा और रोडमैप पर चर्चा होनी चाहिए। अब सरकार द्वारा नए संशोधन की योजना के मद्देनजर विपक्षी दलों ने इस मांग को फिर से उठाया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार अगर संविधान संशोधन में बदलाव करने जा रही है तो बैठक से पहले एक विस्तृत नोट जारी करे, जिसमें प्रस्तावित संशोधन की स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि इससे बैठक अधिक उत्पादक होगी और सभी दलों को अपनी राय रखने का अवसर मिलेगा।

खरगे ने कहा कि सर्वदलीय बैठक मौजूदा विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के बाद यानी 29 अप्रैल के बाद आयोजित की जाए ताकि सभी दल इसमें भाग लेकर रचनात्मक चर्चा कर सकें।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर