home page

परिसीमन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री को कांग्रेस अध्यक्ष का पत्र, सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

 | 
परिसीमन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री को कांग्रेस अध्यक्ष का पत्र, सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग


नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर परिसीमन के प्रस्तावों पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दा है इसलिए इसे जल्दबाजी या जबरदस्ती पारित कराने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।

कांग्रेस अधय्क्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को लिखे पत्र में कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट रुख है कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या 543 अगले 25 वर्षों तक बनी रहे, राज्यों के अनुसार मौजूदा प्रतिनिधित्व बरकरार रखा जाए और साल 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए।

खरगे ने कहा कि उन्होंने 16 जुलाई को भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि परिसीमन के प्रस्तावों पर संसद के किसी विशेष सत्र में पेश करने से पहले सभी राजनीतिक दलों को पर्याप्त समय दिया जाए। अब यह अनुरोध इसलिए दोहराना पड़ रहा है क्योंकि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने हाल ही में एक टेलीविजन साक्षात्कार में संकेत दिया है कि संसद का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है। इसी वजह से मानसून सत्र के सत्रावसान में लगातार देरी हो रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की परिसीमन के संबंध में चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए और सभी राजनीतिक दलों व राज्य सरकारों को अध्ययन के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। उन्होंने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को जिस तरह जल्दबाज़ी में प्रस्ताव पारित कराने की कोशिश की गई थी, वैसा दोबारा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर