home page

प्रधानमंत्री ने मनीला में खालसा दीवान गुरुद्वारे का किया दौरा

 | 
प्रधानमंत्री ने मनीला में खालसा दीवान गुरुद्वारे का किया दौरा


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक 'खालसा दीवान गुरुद्वारे' का दौरा किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में आकर बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं। य़ह फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है।'खालसा दीवान गुरुद्वारा' एक सदी से भी अधिक समय से भारत और फिलीपींस के बीच जीवंत सांस्कृतिक संबंधों और लोगों के आपसी जुड़ाव का प्रतीक रहा है। उन्होंने मनीला में इस गुरुद्वारे के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखने के कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे हैं।

मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ ‘जय’ मोंटेस डी क्लारो ने उनकी अगवानी की। इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों ने वंदे मातरम् के नारे लगाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। बच्चों ने संस्कृत मंत्रों का उच्चारण किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी