home page

केरल का नाम बदलने पर थरूर ने कहा- केरलामाइट बोलना जीवाणु जैसा, भाजपा ने केरलम् नाम को उचित ठहराया

 | 
केरल का नाम बदलने पर थरूर ने कहा- केरलामाइट बोलना जीवाणु जैसा, भाजपा ने केरलम् नाम को उचित ठहराया


नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा केरल का नाम बदलकर केरलम् करने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पूछा कि अब राज्य के निवासियों को क्या कहा जाएगा? अभी तक राज्य के लोगों को केरलाइट लेकिन अब केरलामाइट और केरलमियन कहना जीवाणु या खनिज जैसा लगेगा। हालांकि राज्य भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने इस कदम से प्रदेश की संस्कृति और अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलने की बात कही।

थरूर ने एक्स पर कहा कि `यह सब अच्छा है लेकिन अंग्रेजी बोलने वालों के लिए एक भाषाई समस्या खड़ी हो गई है। अब राज्य के निवासियों को क्या कहा जाएगा, यह सवाल उठता है। पहले अंग्रेजी में केरलाइट और केरलन जैसे शब्दों का प्रयोग किया जाता था। अब राज्य का नाम केरलम करने के बाद यहां के लोगों को केरलामाइट कहना किसी जीवाणु जैसा लगेगा और केरलमियन किसी दुर्लभ खनिज जैसा लगता है।' उन्होंने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री को इस पर एक प्रतियोगिता शुरू करनी चाहिए ताकि नए नाम तय किए जा सकें।

वहीं, राज्य भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि `हमारे राज्य को केरलम् कहना उचित होगा क्योंकि हम अपनी परंपराओं और संस्कृति को संरक्षित करते हुए एक आधुनिक और आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था का निर्माण करेंगे। हर मलयाली बदलाव चाहता है और झूठे वादों की राजनीति को छोड़ कर प्रदर्शन की राजनीति अपनाना चाहता है। भाजपा और एनडीए गठबंधन अधूरे कामों को पूरा करने में विश्वास रखता है और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने गौरवशाली केरलम् की विरासत, इतिहास, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करें।'

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर