home page

केरल में मुख्यमंत्री चेहरे पर कांग्रेस का मंथन पूरा, गुरुवार को होगा ऐलान : जयराम रमेश

 | 
केरल में मुख्यमंत्री चेहरे पर कांग्रेस का मंथन पूरा, गुरुवार को होगा ऐलान : जयराम रमेश


नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। केरल में नए मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कांग्रेस ने मंथन लगभग पूरा कर लिया है। पार्टी के महासचिव जयराम रामेश ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम निर्णय गुरुवार को घोषित किया जाएगा।

जयराम रमेश ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केरल कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के सदस्यों की मंजूरी के बाद पार्टी हाईकमान ने सभी जरूरी विचार-विमर्श पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद के चेहरे की आधिकारिक घोषणा गुरुवार को सार्वजनिक रूप से की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री चयन को लेकर पार्टी के भीतर व्यापक स्तर पर चर्चा हुई है। सभी वरिष्ठ नेताओं से राय लेने के बाद अब मामला अंतिम चरण में पहुंच चुका है। पार्टी नेतृत्व ने एक नाम पर सहमति बना ली है, जिसकी औपचारिक घोषणा गुरुवार को की जाएगी।

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में तीन प्रमुख नेताओं के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इनमें रमेश चेन्निथाला , वीडी सतीशन और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं। राहुल गांधी ने इन नामों पर राय जानने के लिए वीएम सुधीरन, एमएम हसन और के सुधाकरण समेत कई पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से अलग-अलग बातचीत की। मुल्लापल्ली रामचंद्रन से भी फोन पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री चयन को लेकर दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर जारी है। मंगलवार को राहुल गांधी ने दिल्ली में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के पूर्व अध्यक्षों से मुलाकात कर राज्य की राजनीतिक स्थिति और जनता के मूड पर चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर