home page

कालीघाट मंदिर में मां काली के दर्शन करने पहुंचीं कंगना रनौत, बंगाल और देश की सुख-शांति की कामना की

 | 
कालीघाट मंदिर में मां काली के दर्शन करने पहुंचीं कंगना रनौत, बंगाल और देश की सुख-शांति की कामना की


कोलकाता, 07 अप्रैल (हि.स.)। फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत ने मंगलवार को कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां काली का आशीर्वाद लिया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच उनके इस दौरे को धार्मिक के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मंदिर पहुंचकर कंगना रनौत ने पूरे विधि-विधान के साथ मां काली की पूजा की और पुष्प अर्पित किए। उन्होंने मां काली के चरणों में नतमस्तक होकर पश्चिम बंगाल तथा पूरे देश के लोगों की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में उन्होंने पुजारियों से आशीर्वाद भी लिया और राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना की।

कंगना रनौत ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक दर्शन नहीं बल्कि आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक भावना का संगम है। उन्होंने बंगाल की धार्मिक विरासत को समृद्ध बताते हुए कहा कि यहां की परंपराएं पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

मंदिर में प्रवेश करने से पहले उन्होंने अपनी गाड़ी में ही जूते उतार दिए थे, जिसकी चर्चा भी होती रही। पूजा के बाद वह प्रसन्न दिखाई दीं और वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। उनकी इस यात्रा की तस्वीरें विभिन्न सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही हैं।

हालांकि यह दौरा धार्मिक था, लेकिन चुनावी माहौल के कारण इसे राजनीतिक रूप से भी देखा जा रहा है। कंगना रनौत को भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रमुख प्रचारकों में शामिल किया है। माना जा रहा है कि वह राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं और प्रचार कार्यक्रम करेंगी।

उनकी इस यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और इसे चुनावी माहौल में कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है। कंगना रनौत अपने बेबाक बयानों और धार्मिक विषयों पर स्पष्ट विचारों के लिए भी जानी जाती हैं, जिसके कारण उनका यह दौरा राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर