home page

राज्यसभा में डॉ. के. लक्ष्मण ने संत सेवालाल महाराज को राष्ट्रीय सम्मान देने की मांग उठाई

 | 
राज्यसभा में डॉ. के. लक्ष्मण ने संत सेवालाल महाराज को राष्ट्रीय सम्मान देने की मांग उठाई


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य, राज्यसभा सांसद, भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा हाउस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण ने गुरुवार को राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान संत सेवालाल महाराज को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान करने की महत्वपूर्ण मांग उठाई।

डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि बंजारा समाज के पूजनीय संत एवं महान समाज सुधारक संत सेवालाल महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, जनजातीय समुदायों तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने सत्य, समानता, सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और प्रकृति के प्रति सम्मान जैसे जीवन मूल्यों का प्रचार-प्रसार किया। उनके विचार और शिक्षाएं आज भी तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान सहित देश के अनेक राज्यों में करोड़ों लोगों को प्रेरित कर रही हैं।

डॉ. लक्ष्मण ने केंद्र सरकार से संत सेवालाल महाराज के सम्मान में कई कदम उठाने का आग्रह किया जिसमें संत सेवालाल महाराज की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करना, उनकी शिक्षाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु देशभर में स्मृति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना, उनके जीवन, दर्शन एवं सामाजिक योगदान पर शोध, प्रकाशनों तथा शैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देना शामिल है।

उन्होंने संत सेवालाल के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने की मांग की।

डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि संत सेवालाल महाराज को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान करना सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता, सेवा और समरसता के उनके महान आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से इस लंबे समय से लंबित मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी