home page

जे.पी. नड्डा का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- अबोध को इतिहास की खबर नहीं

 | 
जे.पी. नड्डा का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- अबोध को इतिहास की खबर नहीं


-यूसीसी और अनुच्छेद 370 को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, आंबेडकर के अपमान का लगाया आरोप

अहमदाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने गुरुवार को संविधान गौरव दिवस पर अहमदाबाद के टैगोर हॉल में भाजपा की ओर से आयोजित 'प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन' में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि 'अबोध को इतिहास की खबर नहीं' और वह दिनभर 'वोट चोर... वोट चोर' करता रहता है। नड्डा ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने 1949-50 में समान नागरिक संहिता की वकालत की थी और भाजपा ने केवल उनकी सोच को अमल में लाने का काम किया है।

प्रबुद्ध नागरिकों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने अनुच्छेद 370 लागू करने का विरोध किया था, लेकिन उनके इस्तीफे के बाद इसे लागू कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस डॉ. आंबेडकर की विरोधी रही है। कांग्रेस ने ही उन्हें संविधान सभा में चुने जाने से रोकने का प्रयास किया था। नड्डा ने कहा कि डॉ. आंबेडकर को भारत रत्न भी भाजपा समर्थित वी.पी. सिंह सरकार के कार्यकाल में दिया गया था।

नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक 'अबोध बालक' दिनभर 'वोट चोर... वोट चोर' करता रहता है और लाल पुस्तक लेकर घूमता है, लेकिन उसे संविधान के एक अक्षर की भी जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने डॉ. आंबेडकर को संविधान सभा का सदस्य बनने से रोकने का प्रयास किया था। नड्डा ने दावा किया कि वोट चोरी कांग्रेस ने की थी और डॉ. आंबेडकर के बैलेट पेपर की चोरी कर उन्हें हराया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे