home page

एक माह बाद जोधपुर एयरपोर्ट मंगलवार से शुरू होगा, फिर उड़ान भरेंगे विमान

 | 
एक माह बाद जोधपुर एयरपोर्ट मंगलवार से शुरू होगा, फिर उड़ान भरेंगे विमान


जोधपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। रनवे मरम्मत कार्य के चलते पिछले करीब एक महीने से बंद जोधपुर एयरपोर्ट मंगलवार से फिर शुरू हो रहा है। इसी के साथ जोधपुर एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल लागू हो जाएगा। इस बार छह शहरों के लिए 9 उड़ानें संचालित होनी हैं। सभी फ्लाइट्स समर शेड्यूल के तहत चलेंगी।

बताया गया है कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे और हैदराबाद सहित छह शहरों से कनेक्टिविटी रहेगी। हमेशा की तरह इस गर्मी में भी जयपुर-जोधपुर फ्लाइट बंद कर दी गई है। इसके अलावा इंदौर के लिए भी फ्लाइट नहीं है, लेकिन दूसरी तरफ इस साल पहली बार गर्मियों में जैसलमेर एयरपोर्ट का संचालन शुरू किया जा रहा है। जैसलमेर एयरपोर्ट से 3 मई से एकमात्र जैसलमेर-जयपुर उड़ान का संचालन एलायंस एयर की ओर से किया जाएगा। इससे जोधपुर आने वाले यात्री जैसलमेर जाकर वापसी में आसानी से जयपुर होते हुए दिल्ली लौट सकेंगे।

एयरपोर्ट निदेशक मनोज उनियाल ने बताया कि 28 अप्रैल से फ्लाइट्स का संचालन वापस शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हाल में फ्लाइट्स का समर शिड्यूल जारी किया था, जो पूरे देश में 28 मार्च से लागू हो गया था, लेकिन जोधपुर एयरपोर्ट 28 अप्रैल से खुलने के साथ समर शिड्यूल लागू होगा। इसमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, पुणे और हैदराबाद के लिए कुल 9 फ्लाइट्स के 18 फेरे संचालित होंगे। पहली फ्लाइट सुबह 8.45 बजे लैंड करेगी और आखिरी शाम 4.15 बजे। जबकि टेकऑफ सुबह 9.20 से शाम 4.45 बजे तक होंगे। इंडिगो और एयर इंडिया के अलावा इस बार एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी जोधपुर से अपनी सेवाएं जारी रखने का निर्णय किया है। एयर इंडिया अपनी एकमात्र जोधपुर-बेंगलूरू उड़ान का संचालन करेंगी।

नए शिड्यूल में जोधपुर से दिल्ली व मुंबई के लिए रोजना दो दो फ्लाइट्स होंगी। बेंगलुरु के लिए दो फ्लाइट्स होगी, लेकिन प्रतिदिन नहीं होगी। इंडिगो की फ्लाइट सोमवार, बुधवार, शुक्रवार व रविवार को उड़ेंगी। जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस की शनिवार को छोडक़र प्रतिदिन संचालित होगी। अहमदाबाद के लिए बुधवार के अलावा सप्ताह के बाकी दिनों फ्लाइट्स मिलेगी। पुणे और हैदराबाद के लिए रोजाना एक एक उड़ान होगी।

उन्हाेंने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन का रनवे भूजल से प्रभावित होने से वापस तैयार हो रहा है। इसके तहत एक से 28 मार्च तक बिना ऑपरेशन रोके ही काम चलता रहा। सेकंड फेज में 29 मार्च से एक माह के लिए फ्लाइट्स बंद रखी गई। 28 मार्च को फ्लाइट्स शुरू होने के साथ साथ काम भी चलता रहेगा। यह 17 मई तक चलेगा। अब नई तकनीक से तैयार हो रहा रनवे जलरोधी और अधिक टिकाऊ होगा। विशेष कंक्रीट लेयर, उन्नत ड्रेनेज सिस्टम और भूकंपरोधी संरचना से तैयार हो रहा रनवे लंबे समय तक चलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश