home page

यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे कांग्रेस सांसद अकोइजम जेएनयू से बर्खास्त

 | 
यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे कांग्रेस सांसद अकोइजम जेएनयू से बर्खास्त


नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन ने गंभीर कदम उठाते हुए स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के प्रोफेसर एवं मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम जेएनयू से तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

जेएनयू की विज्ञप्ति के अनुसार यह आदेश आंतरिक समिति की ओर से यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच पूरी होने और उनकी सिफारिश के आधार पर जारी किया गया है। आंतरिक समिति की जांच रिपोर्ट और निष्कर्षों के आधार पर यूजीसी सेवा नियमों और सेंट्रल सिविल सर्विसेज (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियमावली के नियम के तहत प्रोफेसर अकोइजम को 'कड़ी सजा' देने की सिफारिश की गई थी।

प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कई छात्राओं ने यौन उत्पीड़न की औपचारिक शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसके बाद विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने यह कड़ा अनुशासनात्मक फैसला लिया है।

उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर अकोइजाम इनर मणिपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के सांसद भी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी