home page

केंद्र की पहल से जम्मू-कश्मीर के युवा बने आत्मविश्वासी, राष्ट्रीय विकास यात्रा में निभा रहे अहम भूमिका: जितेंद्र सिंह

 | 
केंद्र की पहल से जम्मू-कश्मीर के युवा बने आत्मविश्वासी, राष्ट्रीय विकास यात्रा में निभा रहे अहम भूमिका: जितेंद्र सिंह


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कश्मीर यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम में कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में सफलता पाई है, जिससे उनके आत्मविश्वास और आकांक्षाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अनुसार डॉ.जितेंद्र सिंह ने शनिवार को ‘वतन को जानो’ कार्यक्रम के तहत आयोजित छठे कश्मीर यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम के प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर के युवा सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त कर रहे हैं और पर्यटन, आतिथ्य व विमानन जैसे क्षेत्रों में राष्ट्रीय योगदान दे रहे हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में ही जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की बात कही थी। केंद्र सरकार की नीतिगत सहायता और लक्षित हस्तक्षेपों से इन क्षेत्रों में विकास की खाई पाटी गई है।

कार्यक्रम में पुलवामा, बांदीपोरा, अनंतनाग और कुपवाड़ा जैसे जिलों से आए युवाओं ने संसद, विधानसभा और राष्ट्रपति भवन जैसी राष्ट्रीय संस्थाओं के दौरे के अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें लोकतांत्रिक ढांचे से जुड़ाव और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में खेल और युवा विकास का पारिस्थितिकी तंत्र लगातार बेहतर हो रहा है। उन्होंने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की जीत का उल्लेख भी किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर