home page

अमरनाथ सहित सभी यात्राएं शनिवार को भी स्थगित रहेंगी, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

 | 

जम्मू, 24 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम व लगातार हो रही बारिश की वजह से अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा, शिव खोड़ी यात्रा और मचैल माता यात्रा शनिवार को भी नहीं शुरू हो पाई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने 19 जुलाई शनिवार शाम को ही इन यात्रों को रोक दिया था।

जम्मू-श्रीनगर राष्टीय राजमार्ग भारी बारिश, भूस्खलन व पत्थर गिरने से आज लगातार तीसरे दिन भी बंद है और रामबन में अभी भी कईं गाड़ियां फंसी हुई है। रामबन व उमधमपुर में ताजा भूस्खलन होने से मार्ग पर पत्थर व मलवा जमा हो गया है, जिसे हटाने के लिए मशीनरी के साथ सड़क निकासी टीमों को प्रभावित स्थानों पर भेजा गया है और मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

अधिकारियों ने यात्रियों को मौसम की स्थिति में सुधार होने और निकासी अभियान पूरा होने तक राजमार्ग पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। यात्रियों से एनएच-44 पर कोई भी यात्रा करने से पहले आधिकारिक यातायात सलाह का पालन करने का भी आग्रह किया गया है। प्रशासन स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है, क्योंकि पूरे क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश जारी है। संवेदनशील इलाकों में अधिक पत्थर गिरने और भूस्खलन की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर में सातवें दिन भी मूसलाधार बारिश के कारण घाटी के कई हिस्सों में झेलम खतरे के निशान के करीब बह रही है। इससे बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। तवी, चिनाब, संगम, लिद्दर सहित अन्य नदी-नाले भी खतरे के निशान के थोडा बहुत ही नीचे बह रहे हैं। जम्मू के क्षेत्रों और दक्षिण कश्मीर में ज़ोरदार बारिश हो रही है। मौजूदा संकेतों के अनुसार बारिश के देर दोपहर तक जारी रहने की संभावना है। जम्मू और दक्षिण कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश होने की उम्मीद है। इसी दौरान मध्य और उत्तरी कश्मीर में हल्की बारिश हो सकती है। देर दोपहर बाद ज्यादातर जगहों पर मौसम में सुधार होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह