home page

जम्मू-कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर आज जम्मू पहुंचेंगे गृह मंत्री अमित शाह

 | 

जम्मू, 05 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार शाम को 5 बजे तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर पहुंचेंगे। वह एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें गृह मंत्रालय ,खुफिया एजेंसियों, जम्मू-कश्मीर के नागरिक और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। वह केंद्र शासित प्रदेश में विकास परियोजनाओं का जायजा लेते हुए उनका शुभारंभ करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू पहुंचने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री सीधे लोक भवन जाएंगे, जहां वे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। शुक्रवार की सुबह वे कठुआ जिले के हीरानगर स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा करेंगे और सीमा पर मौजूदा स्थिति के बारे में बीएसएफ अधिकारियों से जानकारी लेंगे। इसके बाद वे सुरक्षा स्थिति की उच्च स्तरीय समीक्षा करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि 7 फरवरी की सुबह वे जम्मू से श्रीनगर के लिए रवाना होंगे, जहां वे जम्मू-कश्मीर के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। एक महीने से भी कम समय में यह जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की गृह मंत्री शाह की दूसरी उच्च स्तरीय समीक्षा होगी।

उन्होंने 8 जनवरी को नई दिल्ली में जम्मू और कश्मीर पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की थी। इस बैठक में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, सूचना सूचना निदेशक तपन डेका, जम्मू और कश्मीर के मुख्य सचिव अटल दुल्लू, डीजीपी नलिन प्रभात, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के प्रमुख और जम्मू और कश्मीर खुफिया विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री ने सीमा पर शून्य सहिष्णुता सुनिश्चित करने और भीतरी इलाकों में आतंकवादियों का पूर्ण खात्मा करने के लिए मिशन-मोड दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश दिया था। इसके बाद केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने केंद्र शासित प्रदेश का दौरा किया था।

सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान गृह मंत्रालय के लिए एक बढ़ती चिंता जम्मू मंडल के पहाड़ी क्षेत्रों जिनमें कठुआ, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और राजौरी जिले शामिल हैं में पाकिस्तानी आतंकवादियों की उपस्थिति रही है। बुधवार को दो अलग-अलग आतंकवाद विरोधी अभियानों में संयुक्त बलों ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया है, जिनमें से एक किश्तवाड में और दो उधमपुर जिले में मारे गए। दोनों अभियान अभी भी जारी हैं।

सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के प्रवक्ता और विधायक तनवीर सादिक ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे से जम्मू और कश्मीर को राज्य का दर्जा मिलने की उम्मीदें फिर से जागृत हुई हैं।

भाजपा विधायकों ने इस दौरे का स्वागत करते हुए कहा है कि यह जम्मू और कश्मीर में पूर्ण शांति लाने और केंद्र शासित प्रदेश को देश के शेष भाग के साथ पूर्ण रूप से एकीकृत करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प की पुष्टि करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह