देश में अबतक 15.82 करोड़ ग्रामीण घरों तक पहुंचा नल का जलः केंद्र सरकार
-अटल भूजल योजना से 83,800 जल संरक्षण केंद्र बने
नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन (हर घर जल) के तहत अब तक 15.82 करोड़ ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचाया है। साथ ही अटल भूजल योजना के अंतर्गत सात राज्यों की 8,203 ग्राम पंचायतों में 83,800 से अधिक जल संरक्षण केंद्र बनाए गए हैं।
लोकसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए जल शक्ति राज्य मंत्री वी सोमन ने बताया कि अगस्त 2019 में शुरू हुए जल जीवन मिशन की शुरुआत में केवल 3.23 करोड़ (16.7 फीसदी) ग्रामीण घरों में नल का जल था। अब तक 12.58 करोड़ अतिरिक्त घरों को नल कनेक्शन दिया गया है और 11 राज्यों में 100 प्रतिशत नल का जल पहुंच चुका है।
मंत्री ने कहा कि राज्यों को दीर्घकालिक संचालन और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए फ्लो मीटर, प्रेशर सेंसर, ऑनलाइन वॉटर क्वालिटी डिवाइस और एससीएडीए जैसी तकनीकों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
अटल भूजल योजना के बारे में उन्होंने बताया कि यह सात राज्यों के 80 जिलों के 229 ब्लॉकों की 8,203 ग्राम पंचायतों में लागू की गई थी। योजना ने सामुदायिक भागीदारी से भूजल प्रबंधन का सफल मॉडल प्रस्तुत किया है। 180 ब्लॉकों में भूजल स्तर में सुधार दर्ज किया गया है।
क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा किए गए प्रभाव अध्ययन में पाया गया कि इस योजना से समुदाय में भूजल मुद्दों पर जागरूकता बढ़ी है, महिलाओं की भागीदारी और सामाजिक समावेशिता में वृद्धि हुई है तथा लोग भूजल संरक्षण और प्रबंधन में सक्रिय रूप से शामिल हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

