झांसी में सेवा का महाअभियान : 100 से अधिक बच्चों की होगी निःशुल्क सर्जरी
- देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे कटे होंठ एवं तालु से पीड़ित मरीजों की सर्जरी, 180 से अधिक मरीजों की स्क्रीनिंग
झांसी, 30 अगस्त (हि.स.)। जन्मजात कटे होंठ एवं तालु की समस्या से पीड़ित बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने के उद्देश्य से वीरांगना फाउंडेशन एवं ऑपरेशन स्माइल इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी के सहयोग से विशेष निःशुल्क सर्जिकल सेवा अभियान शुरू हुआ। यह अभियान 1 से 7 सितंबर तक चलेगा। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पात्र मरीजों की निःशुल्क सर्जरी करेगी।
अभियान के तहत प्रारंभ में 120 मरीजों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन मरीजों की बड़ी संख्या को देखते हुए अब तक 180 से अधिक मरीजों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। पहले 80 सर्जरी का लक्ष्य था, जिसे बढ़ाकर अब 100 से अधिक निःशुल्क सर्जरी किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान में करीब 40 से 50 डॉक्टर और मेडिकल वॉलंटियर्स स्क्रीनिंग, सर्जरी, एनेस्थीसिया और पोस्ट-ऑपरेटिव केयर में सहयोग करेंगे।
वीरांगना फाउंडेशन की अध्यक्ष पूनम शर्मा ने कहा कि यह अभियान का दूसरा आयोजन है। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी बच्चे को उपचार से वंचित न रहना पड़े, यही अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे सेवा कार्यक्रम आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि जन्मजात कटे होंठ एवं तालु से प्रभावित बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के विशेषज्ञों का झांसी आकर मरीजों की सेवा करना पूरे बुंदेलखंड के लिए गौरव की बात है।
अभियान में मैक्सिको, पेरू, अमेरिका, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ द कांगो और नीदरलैंड के विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। भारत के अनुभवी चिकित्सकों के साथ मेडिकल कॉलेज की टीम भी सेवाएं दे रही है।
फरवरी 2024 में हुए पहले आयोजन में 220 मरीजों की स्क्रीनिंग और 113 सफल सर्जरी की गई थीं। उस समय 16 देशों के 32 चिकित्सकों ने सेवाएं दी थीं। इस बार मरीजों को निःशुल्क स्क्रीनिंग, जांच, सर्जरी, दवाइयां और अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दूर-दराज से आने वाले मरीजों और परिजनों के लिए निःशुल्क आवागमन तथा मेडिकल कॉलेज की धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल सुधीर, सीएमएस सचिन माहोर, ऑपरेशन स्माइल के वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक, डॉ. अभिषेक मिश्रा सहित देश-विदेश से आए चिकित्सक, मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

