home page

विश्व कल्याण के लिए बुलडोजर चलाने वाला भी साधु: पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री

 | 
विश्व कल्याण के लिए बुलडोजर चलाने वाला भी साधु: पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री


योगी काे लेकर अविमुक्तेश्वरानंद के बयान पर धीरेन्द्र शास्त्री की प्रतिक्रिया धर्मांतरण कराने वालों की खैर नहीं, उनकी ठठरी बांधेंगे: बाबा बागेश्वर

झांसी, 01 जून (हि.स.)। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिए गए बयान का जवाब देते हुए कहा कि केवल साधना करने वाला ही नहीं, बल्कि विश्व कल्याण, शांति और लोगों की सुरक्षा के लिए बुलडोजर चलाने वाला भी साधु होता है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण कराने वालों की खैर नहीं, उनकी ठठरी बांधेंगे। उत्तराखंड स्थित बद्रीनाथ धाम में साधना के बाद रविवार को ट्रेन से झांसी रेलवे स्टेशन पहुंचे धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज में शांति बनाए रखने, लोगों की रक्षा करने और धर्म की स्थापना के लिए कार्य करने वाला व्यक्ति भी साधु की श्रेणी में आता है। उनका यह बयान उस टिप्पणी के संदर्भ में आया जिसमें शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा था कि बुलडोजर चलाने वाला साधु नहीं हो सकता। पत्रकारों के गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड को लेकर पूछे गए सवाल पर शास्त्री ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हिंदू समाज का दुर्भाग्य है कि वह अभी भी पूरी तरह संगठित नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू समाज एकजुट नहीं रहेगा तो इस प्रकार की घटनाएं होती रहेंगी। उन्होंने आरोपियों की निंदा करते हुए कहा कि जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया, उनमें न दया है, न प्रेम और न ही करुणा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य लगातार हिंदू समाज को जागृत और संगठित करना है। शास्त्री ने कहा कि जिस दिन हिंदू समाज पूरी तरह एक हो जाएगा, उस दिन कोई भी उसका बाल बांका नहीं कर सकेगा। समाज की मजबूती और एकता ही ऐसी घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। बद्रीनाथ यात्रा के अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वह आठ वर्ष बाद वहां पहुंचे थे और यह यात्रा उनके लिए अत्यंत आध्यात्मिक एवं अविस्मरणीय रही। उन्होंने कहा कि वहां उन्हें अद्भुत और अभूतपूर्व अनुभव प्राप्त हुआ। उन्हाेंने बताया कि झांसी पहुंचने के बाद वे सीधे बागेश्वर धाम जाकर बालाजी महाराज के चरणों में उपस्थित होंगे तथा जनसेवा और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के कार्यों में जुटेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया