home page

(अपडेट) दनुआ सड़क हादसा : एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत सात लोगों की मौत

 | 
(अपडेट) दनुआ सड़क हादसा : एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत सात लोगों की मौत


हजारीबाग, 09 नवंबर (हि.स.)। हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत दनुआ घाटी में सोमवार को हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा हथिया बाबा मोड़ के समीप महानेटांड़ कट के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ। सभी लोग एक बुजुर्ग के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी सवारी गाड़ी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड स्थित सलैयाटांड़ गांव से 19 लोग एक सवारी गाड़ी में सवार होकर वाराणसी जा रहे थे। रास्ते में वाहन की छत पर रखे शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। इसके बाद चालक ने महानेटांड़ कट के पास गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। यात्री रस्सी ठीक कर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त सवारी गाड़ी से टकराने के बाद सड़क किनारे घाटी में पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और पुलिस अधिकारी नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने घटनास्थल पर पांच लोगों की मौत की पुष्टि की थी। चार घायलों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया।

वहीं, अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर सूचना मिलने पर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचने वाले सभी घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उपाधीक्षक ने हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि की। इनमें पांच की मौत घटनास्थल पर हुई थी, जबकि दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने भी सात लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं।

दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड की मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव स्थित सलैयाटांड़ टोला के निवासी थे। मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और पड़ोसी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सलैयाटांड़ निवासी 90 वर्षीय कुंजो प्रजापति का रविवार को निधन हो गया था। उनकी इच्छा थी कि उनका अंतिम संस्कार वाराणसी में किया जाए। इसी इच्छा को पूरा करने के लिए परिवार के सदस्य और रिश्तेदार उनका शव लेकर वाराणसी जा रहे थे।

मृतकों में कुंजो प्रजापति के बेटे राजू पंडित, बहू बुधनी देवी, दामाद धोकल पंडित (चौबे), जीजा रामेश्वर पंडित (चिचाकी) और पड़ोसी रामकिशुन मंडल शामिल हैं। हालांकि, सभी सात मृतकों के नामों की पूरी पुष्टि नहीं हो सकी है।

हादसे में घायल लोगों में डिली प्रजापति, जितेंद्र पंडित, विष्णु पंडित, सीताराम पंडित, फागुन पंडित, लखन पंडित, रूबिया देवी और सावित्री देवी सहित अन्य लोग शामिल हैं।

पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने मुंबई से आया था बेटा

हादसे की खबर से सलैयाटांड़ गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे भाकपा माले नेता राजेश मंडल ने बताया कि कुंजो पंडित की अंतिम इच्छा वाराणसी में अंतिम संस्कार किए जाने की थी। उनके बेटे राजू पंडित मुंबई में काम करते थे। पिता के निधन की सूचना मिलने पर वह विमान से झारखंड पहुंचे थे। सोमवार को घर पहुंचने के बाद वह भी पिता के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के साथ वाराणसी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे में उनकी भी मौत हो गई।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार