तमिलनाडु से राज्यसभा की छह सीटों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
चेन्नई, 09 मार्च। तमिलनाडु में राज्यसभा की छह सीटों के लिए हुए चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) समेत विभिन्न दलों के सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। नामांकन वापसी की अंतिम समय-सीमा सोमवार (9 मार्च) दोपहर 3 बजे समाप्त होने के बाद यह स्थिति स्पष्ट हो गई।
चेन्नई सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यसभा चुनाव की रिटर्निंग ऑफिसर शांति ने बताया कि तमिलनाडु से राज्यसभा चुनाव मैदान में उतरे सभी छह उम्मीदवारों को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि नामांकन वापसी की समय-सीमा समाप्त होने तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया और न ही किसी अतिरिक्त प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल किया, जिसके कारण सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया।
निर्वाचित उम्मीदवारों में अन्नाद्रमुक की ओर से एम. थंबीदुरई, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) की ओर से डॉ. अंबुमणि रामदास, कांग्रेस के क्रिस्टोफर तिलक, द्रमुक के तिरुची शिवा और प्रोफेसर कॉन्स्टैन्टाइन रविन्द्रन तथा देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम (डीएमडीके) के एल.के. सुधीश शामिल हैं।
घोषणा के बाद एम. थंबीदुरई, डॉ. अंबुमणि रामदास और एल.के. सुधीश ने राज्यसभा सदस्य के रूप में अपने निर्वाचन का प्रमाणपत्र रिटर्निंग ऑफिसर शांति से प्राप्त किया। वहीं सूत्रों के अनुसार द्रमुक गठबंधन की ओर से निर्वाचित उम्मीदवार मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन की उपस्थिति में अपना प्रमाणपत्र ग्रहण करेंगे।
इस चुनाव के साथ डीएमडीके के एल.के. सुधीश पहली बार संसद के उच्च सदन राज्यसभा में पहुंचेंगे। वहीं द्रमुक के वरिष्ठ नेता तिरुची शिवा और अन्नाद्रमुक के एम. थंबीदुरई पहले भी कई बार राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं और उन्हें संसदीय अनुभव का लाभ प्राप्त है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, तमिलनाडु विधानसभा में दलों की मौजूदा संख्या-बल के कारण राज्यसभा चुनाव में किसी प्रकार की सीधी टक्कर की संभावना नहीं थी। इसी कारण सभी प्रमुख दलों के उम्मीदवार बिना मुकाबले निर्वाचित हो गए।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

