home page

धनबाद रेल मंडल एक बार फिर बना देश का नंबर 01 कमाऊ मंडल, 23,773.24 करोड़ आय

 | 
धनबाद रेल मंडल एक बार फिर बना देश का नंबर 01 कमाऊ मंडल, 23,773.24 करोड़ आय


धनबाद, 04 अप्रैल (हि.स.)। राजस्व प्राप्ति में धनबाद रेल मंडल एक बार फिर देश का नंबर एक कमाऊ मंडल बन गया है। रेल प्रबंधक कार्यालय में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान धनबाद रेल मंडल की उपलब्धियों और प्रदर्शन की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि धनबाद रेल मंडल माल ढुलाई, यात्री सुविधाओं, संरक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि माल ढुलाई के क्षेत्र में धनबाद रेल मंडल ने एक बार फिर देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस वित्तीय वर्ष में धनबाद रेल मंडल ने 194.73 मिलियन टन कोयले की ढुलाई कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वहीं बिलासपुर रेल मंडल 194.05 मिलियन टन माल ढुलाई के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

कमाई के मामले में भी धनबाद रेल मंडल ने देश में अपनी बादशाहत कायम रखी। इस वर्ष धनबाद रेल मंडल ने कुल 23,773.24 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जिससे यह देश का सबसे अधिक राजस्व देने वाला रेल मंडल बन गया। बिलासपुर मंडल 23,645.34 करोड़ रुपये की आय के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

वहीं, यात्री सेवाओं की बात करें तो धनबाद रेल मंडल ने इस वर्ष 279.25 लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। यात्रियों से किराए के रूप में धनबाद रेल मंडल को 05 अरब 29 करोड 88 लाख रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.88 करोड़ रुपये अधिक है।

वहीं, बिना टिकट यात्रा और बिना बुक किए गए सामान के खिलाफ चलाए गए अभियान में मंडल को बड़ी सफलता मिली। कुल 364.19 हजार मामलों का पता लगाकर 21.97 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा