home page

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के रांची दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी, एयरपोर्ट क्षेत्र ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित

 | 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के रांची दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी, एयरपोर्ट क्षेत्र ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित


रांची, 24 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 26 फरवरी को एक दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रही हैं। उनके आगमन और प्रस्थान को देखते हुए राजधानी रांची में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति रांची पहुंचने के बाद जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची सदर अनुमंडल दंडाधिकारी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत आदेश जारी करते हुए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की पूरी परिधि को ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित कर दिया है। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून सहित सभी प्रकार के मानवरहित या हल्के विमानों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जिला जनसम्पर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह निषेधाज्ञा 26 फरवरी को सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। आदेश के तहत एयरपोर्ट क्षेत्र और उसके ऊपर किसी भी प्रकार की हवाई गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित गतिविधि से दूर रहें, जिससे कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे