प्रिंस खान के नेटवर्क पर एनआईए की नजर, धनबाद पहुंची टीम, आर्थिक कड़ियों और सहयोगियों की जांच तेज
धनबाद, 28 अगस्त (हि.स.)। वासेपुर के फरार अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस की कार्रवाई के बीच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी सक्रिय हो गई है। प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क, स्थानीय सहयोगियों, आर्थिक गतिविधियों और कथित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जांच के सिलसिले में एनआईए की टीम धनबाद पहुंची है।
एनआईए की टीम ने धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार से प्रिंस खान के आपराधिक इतिहास, उसके नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई है। जांच एजेंसी स्थानीय स्तर पर उसके नेटवर्क की गतिविधियों और संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
धनबाद के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक एस. मोहम्मद याकूब ने शुक्रवार को बताया कि एनआईए की टीम वासेपुर समेत अन्य इलाकों में प्रिंस खान से जुड़े कथित गुर्गों, सहयोगियों, पुराने संपर्कों और आर्थिक नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। जांच के दौरान उसके नेटवर्क की गतिविधियों के साथ-साथ संभावित आर्थिक स्रोतों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एनआईए की जांच में धनबाद पुलिस आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। एजेंसी और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाने तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर कानून के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। एनआईए की टीम भी इसी सिलसिले में धनबाद पहुंची थी और पुलिस एजेंसी को जांच में पूरा सहयोग दे रही है।
ग्रामीण एसपी ने स्पष्ट किया कि रंगदारी मांगने, कारोबारियों को धमकाने या इलाके में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
ग्रामीण एसपी ने जिले के व्यवसायियों, व्यावसायिक संगठनों और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन पुलिस से सहायता अथवा सुरक्षा चाहता है तो उसे आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से बिना किसी भय के अपनी शिकायत पुलिस तक पहुंचाने की अपील भी की।
ग्रामीण एसपी के अनुसार, शिकायत लेकर पुलिस के पास आने वाले लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। धनबाद पुलिस की प्राथमिकता जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ अवैध कारोबार और संगठित अपराध के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

