लातेहार में नक्सली संगठन जेजेएमपी के दो सदस्य हथियारों के साथ गिरफ्तार
लातेहार, 06 मई (हि.स.)। लातेहार पुलिस ने मनिका थाना क्षेत्र के कुरुमखेता जंगल में छापेमारी कर नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो सक्रिय सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से एक बड़ी नक्सली साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान महादेव सिंह (लातेहार) और मनोज लोहरा (पलामू) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक एके-47 राइफल, दो एसएलआर राइफल, 318 जिंदा कारतूस और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है, जो किसी बड़ी वारदात की तैयारी की ओर इशारा करती है।
लातेहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के नक्सली कुरुमखेता जंगल में एकत्र होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई और जंगल में छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस बल को देखते ही नक्सलियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर दो नक्सलियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अत्याधुनिक हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
एसपी कुमार गौरव ने कहा कि जिले में नक्सली गतिविधियां काफी कमजोर हो चुकी हैं। हालांकि कुछ बचे हुए नक्सली नए लोगों को जोड़कर संगठन को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और लगातार अभियान के कारण उनके मंसूबे नाकाम हो रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय अन्य नक्सलियों से अपील की कि वे सरकार के ‘नई दिशा’ कार्यक्रम का लाभ उठाएं, आत्मसमर्पण करें और समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर सामान्य जीवन व्यतीत करें।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

