home page

भाजपा महिला मोर्चा 12 को सभी जिलों में कांग्रेस कार्यालयों के समक्ष करेगी धरना-प्रदर्शन: बाउरी

 | 
भाजपा महिला मोर्चा 12 को सभी जिलों में कांग्रेस कार्यालयों के समक्ष करेगी धरना-प्रदर्शन: बाउरी


रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जेएनयू के प्रोफेसर सह कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम पर छात्राओं के यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने शनिवार को घोषणा किया है कि 12 अक्टूबर को झारखंड के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यालयों पर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस पर महिला सुरक्षा के सवाल पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी सांसद के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा का आंदोलन अलग-अलग स्वरूपों में जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि 12 अक्टूबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यालयों पर होने वाला प्रदर्शन इसी आंदोलन की महत्वपूर्ण कड़ी होगा। भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता इस प्रदर्शन के माध्यम से महिला सम्मान, सुरक्षा और राजनीतिक जवाबदेही का मुद्दा उठाएंगे। जब तक आरोपित सांसद का इस्तीफा नहीं हो जाता है तब तक इस मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी देशभर में पितृसत्तात्मक व्यवस्था समाप्त करने की बात करते हैं, जबकि प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के अन्य नेता भी महिला सम्मान की बात करते रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस सांसद पर इस तरह के गंभीर आरोप लगे हैं, तो पार्टी नेतृत्व की जुबान चुप क्यों है, इस मुद्दे पर वह खुलकर अपनी बात क्यों नहीं रख रहा है।

बाउरी ने कहा कि भाजपा के लिए महिला सुरक्षा और उनका सम्मान महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। इस मुद्दे पर भाजपा चुप बैठने वाली नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे