home page

झारखंड के 3,245 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा, नितिन गडकरी ने गुणवत्ता और मानसून तैयारियों पर दिया जोर

 | 
झारखंड के 3,245 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा, नितिन गडकरी ने गुणवत्ता और मानसून तैयारियों पर दिया जोर


नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त फीडबैक का संज्ञान लेते हुए झारखंड में 3,245 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सोमवार को आयोजित बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तथा निर्माण एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, निर्माण की गुणवत्ता और आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि टिकाऊ, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले राजमार्ग बेहतर संपर्क, आर्थिक विकास तथा यात्रियों की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

नितिन गडकरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और रखरखाव में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं तथा प्रत्येक परियोजना में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उनके अनुसार, सड़क अवसंरचना देश के समग्र विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है।

मानसून को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ने विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलभराव, सड़क क्षति, गड्ढों और अन्य संभावित समस्याओं से निपटने के लिए पहले से प्रभावी रणनीति तैयार की जाए। साथ ही त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करते हुए नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

नितिन गडकरी ने कहा कि मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा बनाए रखना और राजमार्गों की दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए आधुनिक तकनीकी समाधानों, सतत निरीक्षण और गुणवत्तापूर्ण रखरखाव प्रणाली को अपनाने की आवश्यकता है।

बैठक में झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की वर्तमान स्थिति, विभिन्न निर्माण एवं रखरखाव परियोजनाओं की प्रगति तथा लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने संबंधित एजेंसियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने, कार्यों में तेजी लाने और यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर