home page

झारखंडः सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, मंत्री की बेटी सहित 4 युवाओं की मौत

 | 
झारखंडः सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, मंत्री की बेटी सहित 4 युवाओं की मौत


झारखंडः सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, मंत्री की बेटी सहित 4 युवाओं की मौत


पूर्वी सिंहभूम, 24 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के जमशाेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के समीप गुरुवार तड़के करीब तीन बजे भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार कार संख्या (जेएच05 डीएस 6450) मरीन ड्राइव से गुजर रही थी। दोमुहानी के पास सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रेलर संख्या (जेएच02टी 3971 ) के पीछे कार अनियंत्रित होकर जा टकराई। बताया गया कि ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। दुर्घटना के समय वहां पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा संकेतक की स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार इतनी बुरी तरह ट्रेलर में फंस गई थी कि बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर से कार को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला गया। हादसे की भयावहता के कारण शव भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है।

अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार तेज गति में थी और सड़क पर खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। सड़क पर खड़े खराब वाहन के पीछे सुरक्षा संकेतक, चेतावनी व्यवस्था और प्रकाश की स्थिति की भी जांच की जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन घटनास्थल और एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के परिवार में भी हादसे की खबर से शोक की लहर है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे