home page

निशा भगत के परिजनों से मिलीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष, न्याय का दिलाया भरोसा

 | 
निशा भगत के परिजनों से मिलीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष, न्याय का दिलाया भरोसा


-सीबीआई जांच की अनुशंसा से सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती, महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन को करनी होगी सख्त कार्रवाई : विजया राहटकर

गुमला, 11 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर बुधवार को गुमला पहुंचीं। यहां उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय निशा भगत के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना जरूरी है।

मुलाकात के दौरान विजया राहटकर ने झारखंड में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने निशा भगत मामले में राज्य सरकार की ओर से सीबीआई जांच की अनुशंसा का स्वागत किया, लेकिन स्पष्ट किया कि केवल जांच की अनुशंसा कर देना सरकार की जिम्मेदारी पूरी होने के लिए पर्याप्त नहीं है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस तथा प्रशासन को भी प्रभावी और सख्त कदम उठाने होंगे।

आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने पहले ही राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा से इस मामले की जानकारी ली थी और गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि रांची पहुंचने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों में अब तक की गई कार्रवाई, जांच की स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

विजया राहटकर ने संकेत दिया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और पीड़ित परिवारों को समय पर न्याय मिलना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे