home page

कोडरमा के सतगावां में कांवड़ियों से भरी बस ट्रक से टकराई, तीन कांवड़ियों की मौत

 | 
कोडरमा के सतगावां में कांवड़ियों से भरी बस ट्रक से टकराई, तीन कांवड़ियों की मौत


कोडरमा के सतगावां में कांवड़ियों से भरी बस ट्रक से टकराई, तीन कांवड़ियों की मौत


कोडरमा, 14 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कांवरियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। पोखरडीहा मोड़ के पास हुए इस हादसे में तीन कांवरियों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान 10 वर्षीय शिवम कुमार, उसकी दादी सुंदर बाला (60) और चचेरे दादा नवल किशोर (60) के रूप में हुई है। बताया गया कि बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे और सभी नेपाल के रौहट जिले के रहने वाले थे।

जानकारी के अनुसार, कांवरियों का जत्था करीब चार दिन पहले देवघर पहुंचा था। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद शुक्रवार सुबह बस देवघर से बिहार के राजगीर के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के भीतर फंस गए।

दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर सतगावां थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कांवरियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक रातभर बस चलाने के कारण थका हुआ था। इसी दौरान उसे झपकी आ गई और बस अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

ये कांवरिये हुए घायल

हादसे में घायल एवं चोटिल कांवरियों में राम कैलाश साह (50), कलवा साह (45), रिंकू देवी (37), रामदेव साह (63), सिनार पोथी (55), उपेंद्र प्रसाद चौधरी (45), चंद्र खां यादव (14), सुमित्रा राय (52), नूर मोहम्मद (52, बस कंडक्टर), अमीरखन राय यादव (65), बिंदा ठाकुर (65), जी नंद लाल ठाकुर (65), रायबहादुर राम (65), लाल बहादुर (50), सचिव साह (6), रेखा माहतो नुनिया (46), सुनीता देवी (32), अभिराज कुमार (5), सिताबी राम (75), मंतुर देवी (55), सागर एहाट (13), आत्मा राम साह (24), वीरेंद्र साह (44), गिरजा देवी (55), रामप्रसाद साह (55), संजू देवी यादव (27), निधि यादव (5), सुरती यादव (65), अमिरक राय यादव (65), सुनैना देवी (60), महवा देवी (62), सरस्वती देवी (65), पनीलाल पंडित (60), मौजी लाल यादव (58), गीता देवी (50), विकास यादव (30), डोली मंडल (73), शक्ति कुमार (30), रजिया देवी (60) और जयमाला यादव (73) शामिल हैं।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर