जयपुर में अवैध रूप से रह रहे 14 विदेशी नागरिक डिपोर्ट, इस साल अब तक 75 को भेजा गया वापस
-कार्रवाई में थाईलैंड की 11 युवतियां शामिल, दो के पासपोर्ट पर मिली फर्जी आव्रजन मुहर
जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जयपुर में बिना वैध दस्तावेजों और वीजा नियमों का उल्लंघन कर रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरओ) की निगरानी में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 14 विदेशी नागरिकों को पकड़कर उनके मूल देशों में वापस भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही इस वर्ष अब तक जयपुर से 75 अवैध विदेशी नागरिकों को डिपोर्ट किया जा चुका है।
डिपोर्ट किए गए 14 नागरिकों में थाईलैंड की 11 युवतियां शामिल हैं। इनके अलावा लाओस, नाइजीरिया और केन्या के एक-एक नागरिक को भी वापस भेजा गया है। ये सभी शहर के अलग-अलग इलाकों में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे थे। दस्तावेजों की जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को कई चौंकाने वाली जानकारियां मिलीं। जांच में पता चला कि थाईलैंड की दो युवतियों ने अपने पासपोर्ट पर फर्जी आव्रजन मुहर लगवा रखी थी। वे हवाई मार्ग के बजाय नेपाल सीमा के रास्ते चोरी-छिपे भारत में दाखिल हुई थीं। वहीं, नाइजीरिया की एक महिला ने अपनी वास्तविक नागरिकता छिपाने के लिए लाइबेरिया के पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत में प्रवेश किया था।
डिपोर्ट की प्रक्रिया पूरी करने से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने सभी विदेशी नागरिकों से पूछताछ की। इस दौरान कुछ अन्य विदेशी संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। इनके अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह से जुड़े होने की आशंका है। खुफिया एजेंसियां और पुलिस अब संदिग्धों के ठिकानों तथा पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर सिटी के एफआरओ अधिकारी धर्मेंद्र सागर ने होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और स्पा संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी विदेशी नागरिक को ठहराने या सेवा देने पर अनिवार्य रूप से फॉर्म-3 भरकर पुलिस और प्रशासन को सूचना देनी होगी। विदेशी नागरिकों का रिकॉर्ड छिपाने या नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

