home page

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जननी डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म लॉन्च

 | 
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जननी डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म लॉन्च


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जननी डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म लॉन्च किया है। जननी (गर्भावस्था पूर्व, प्रसव और नवजात शिशु की एकीकृत देखभाल की यात्रा) एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है, जिसे महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड की निगरानी और प्रबंधन के लिए तैयार किया गया है। यह पुराने आरसीएच पोर्टल का उन्नत संस्करण है, जो गर्भावस्था से लेकर नवजात शिशु देखभाल और परिवार नियोजन तक की सभी सेवाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करेगा।

इस प्लेटफ़ॉर्म के जरिए गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, प्रसव तैयारी, टीकाकरण और नवजात शिशु की देखभाल की निगरानी आसान होगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी कि जननी एप में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल माता और बच्चे के स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा दी गई है, जिससे स्वास्थ्य रिकॉर्ड कहीं भी आसानी से उपलब्ध रहेंगे।

प्लेटफ़ॉर्म में हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी के लिए ऑटोमैटिक अलर्ट, रियल-टाइम डैशबोर्ड और ट्रैकिंग सिस्टम जैसी सुविधाएँ भी शामिल हैं। इसे यू-विन और पोशन जैसे राष्ट्रीय प्लेटफ़ॉर्मों से भी जोड़ा गया है, ताकि विभिन्न योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय हो सके।

जननी के तहत लाभार्थियों का पंजीकरण आभा, आधार और मोबाइल नंबर के माध्यम से किया जा सकेगा। साथ ही, प्रवासी आबादी को ध्यान में रखते हुए इसमें पैन-इंडिया सर्च और रिकॉर्ड पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी दी गई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक इस प्लेटफ़ॉर्म पर 1.34 करोड़ से अधिक लाभार्थियों का पंजीकरण हो चुका है। वहीं, 30 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं का रजिस्ट्रेशन, 30 लाख से ज्यादा एमसीएच कार्ड जारी और 1 लाख से अधिक बायोमेट्रिक सत्यापन किए जा चुके हैं।

सरकार का कहना है कि जननी प्लेटफ़ॉर्म मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और डिजिटल हेल्थ सिस्टम को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी