home page

जम्मू जेल में पाकिस्तानी कैदी की संदिग्ध हालात में मौत

 | 

जम्मू, 04 अक्टूबर (हि.स.)। हाई-सिक्योरिटी सेंट्रल जेल में रविवार को 36 वर्षीय पाकिस्तानी विचाराधीन कैदी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा निवासी शाहिद इमरान को अक्टूबर, 2024 में जम्मू के मकवाल सेक्टर में इंटरनेशनल बॉर्डर के पास गिरफ्तार किया गया था। उसे कोट भलवाल जेल में रखा गया था। मानसिक बीमारी से जूझ रहे कैदी को उसकी कोठरी में बेहोशी की हालत में पाया गया।

शुरुआती जांच से पता चला कि उसने आत्महत्या की कोशिश की थी। उसे तुरंत जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मृतक की गर्दन पर फंदे का निशान था। अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता