अमृतसर में पाकिस्तान निर्मित दो हैंड ग्रेनेड बरामद, तीन गिरफ्तार
चंडीगढ़, 06 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) विंग ने दो आर्गस हैंड ग्रेनेडों और एक विदेशी ग्लॉक पिस्तौल बरामद करने के साथ ही तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए ग्रेनेडों पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री (पीओएफ) की मार्किंग है, जो हथियार तस्करों से सीमा पार के संबंधों को दर्शाती है।
पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) के आईएसआई समर्थित आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने की जानकारी साेमवार काे पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने दी। उन्होंने बताया कि तरन तारन के गांव अम्मीशाह निवासी सरबजीत सिंह, अमृतसर के गांव नंगल पन्नूआं निवासी बिक्रमजीत सिंह और अमृतसर की इंद्रा कॉलोनी निवासी अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह मॉड्यूल कई राज्यों में योजनाबद्ध तरीके से पुलिस संस्थानों को निशाना बनाने की कार्रवाई में शामिल रहा है और मुलजिमों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने उनके मंसूबों को पूरी तरह नाकाम कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान, ट्रैकिंग और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
एआईजी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने ऑपरेशन के विवरण साझा करते हुए कहा कि गुप्त सूचना पर आधारित कार्रवाई में एसएसओसी की पुलिस टीमों ने सरबजीत सिंह और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से हैंड ग्रेनेड और पिस्तौल बरामद किया। एआईजी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि इस समूह का मुख्य गुर्गा और पीआईओ का प्राइमरी काॅन्टैक्ट बिक्रमजीत सिंह गुजरात के डीसा से काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि यह जानकारी तुरंत एटीएस गुजरात के साथ साझा की गई थी और उनके सक्रिय सहयोग से मुलजिम बिक्रमजीत सिंह को एसएसओसी अमृतसर की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
एआईजी सुखमिंदर मान ने बताया कि जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है कि सभी मुलजिम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से पीआईओ के संपर्क में थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आईएसआई हैंडलरों के निर्देश पर काम करते हुए यह समूह पंजाब और अन्य राज्यों में विभिन्न पुलिस संस्थानों पर ग्रेनेड हमले करने की योजना भी बना रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

