खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए ईरान ने भाजपा व कांग्रेस अध्यक्ष को भी भेजा आमंत्रण
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के अध्यक्षों तथा अन्य पार्टी के नेताओं को औपचारिक निमंत्रण भेजा है। खामेनेई फरवरी में अमेरिका‑इजरायल के हमलों में मारे गए थे।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को ईरान की ओर से निमंत्रण मिला है और पार्टी जल्द ही इस पर आधिकारिक घोषणा कर सकती है। सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को भी आमंत्रित किया गया है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि भारत सरकार की ओर से विदेश राज्यमंत्री पवित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन तेहरान में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह प्रतिनिधिमंडल 4 जुलाई को आयोजित शोक समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
ईरान की सरकारी मीडिया आईआरएनए के अनुसार अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई तक आयोजित होंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम 4 और 5 जुलाई को तेहरान के इमाम खुमैनी मोसाला प्रार्थना हॉल में होंगे। इसके बाद 6 और 7 जुलाई को राजधानी तेहरान और मध्य ईरान के शहर कोम में अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। 9 जुलाई को मशहद में अंतिम संस्कार का आखिरी कार्यक्रम होगा, जहां दिवंगत नेता को इमाम रजा के पवित्र दरगाह परिसर में दफनाया जाएगा।
ईरानी मीडिया का अनुमान है कि इन कार्यक्रमों में 1.2 से 2 करोड़ लोग शामिल हो सकते हैं। इस कारण पूरे तेहरान में सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। खामेनेई 86 वर्ष के थे और पिछले 36 वर्षों से ईरान पर सर्वोच्च नेता के रूप में शासन कर रहे थे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

