ब्रिक्स बैठक में भाग लेने नई दिल्ली पहुंचे ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव नेजामी
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव घादिर नेजामी सोमवार को ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे।
भारत में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी दी कि घादिर नेजामी अपनी यात्रा के दौरान विभिन्न विशेष सत्रों में भाग लेंगे और सहभागी देशों के अधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा मुद्दों तथा बहुपक्षीय सहयोग पर विचार‑विमर्श करेंगे।
दूतावास के अनुसार बैठक में आतंकवाद, साइबर सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और बहुपक्षीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी। नेजामी इस दौरान सहभागी देशों के अधिकारियों से मुलाकात भी करेंगे। बैठक का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सुरक्षा मामलों पर सहयोग को और मजबूत करना है।
उल्लेखनीय है कि यहां नई दिल्ली में 22 तथा 23 जून को ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की 16वीं बैठक आयोजित हो रही है।
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की अध्यक्षता में होने वाली इस दो दिवसीय बैठक में साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आतंकवाद तथा अन्य गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हो सकती है। यह बैठक सितंबर 2026 में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का हिस्सा है, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका समेत विस्तारित ब्रिक्स सदस्य देश भाग लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

