home page

इंदौर का वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल देश में सर्वोत्तम: स्पीकर वासुदेव देवनानी

 | 
इंदौर का वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल देश में सर्वोत्तम: स्पीकर वासुदेव देवनानी


- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष ने किया इंदौर के वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का किया निरीक्षण

इन्दौर, 15 जुलाई (हि.स.)। लगातार सात बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का तमगा हासिल करने वाला इंदौर स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में भी पुरस्कार के लिए चयनित हुआ है। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अपनी तीन दिवसीय मध्य प्रदेश यात्रा के दौरान मंगलवार देर शाम नगर निगम इंदौर द्वारा संचालित अत्याधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंदौर का वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल देश में सर्वोत्तम है।

राजस्थान विधानसभा स्पीकर देवनानी ने इंदौर प्रवास के दौरान नगर निगम के वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली और तकनीक की जानकारी ली। इंदौर नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा कचरा निस्तारण, रिसाइकलिंग प्रक्रियाओं एवं स्वच्छता मॉडल के विभिन्न पहलुओं के बारे में देवनानी को जानकारी दी गई। स्पीकर देवनानी ने कहा कि इंदौर का वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल बेस्ट है।

राजस्थान में इंदौर जैसा प्लांट लगाने के लिए राज्य सरकार से करेंगे चर्चा

देवनानी ने कहा कि इंदौर नगर निगम ‌द्वारा विकसित यह वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली देशभर के लिए प्रेरणास्त्रोत है। यह न केवल कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत करती है, बल्कि नगरीय जीवन को स्वस्थ, स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल है। देवनानी ने कहा कि अजमेर नगर निगम सहित राज्य के विभिन्न शहरों में इसी मॉडल पर आधारित अत्याधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थापना हेतु प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए वे राज्य सरकार से चर्चा करेंगे ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुरूप स्वच्छ राजस्थान का लक्ष्य प्रभावी रूप से साकार किया जा सके।

देवनानी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि नगरीय स्वच्छता में आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करते हुए पर्यावरण के अनुकूल और सतत समाधान अपनाए जाएं। इसके माध्यम से न केवल स्वच्छता, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को भी सुदृढ़ किया जा सकेगा। स्वच्छता मिशन की दिशा में कचरे निस्तारण की प्रक्रिया निर्णायक पहल है, जो राजस्थान के विभिन्न शहरों के लिए लाभदायक हो सकती है।

कचरा निस्तारण एक गंभीर समस्या

देवनानी ने कहा कि कचरा निस्तारण एक गंभीर समस्या हैं। कचरे का निस्तारण भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में एक चुनौती बनी हुई है। अत्यधिक कचरा जमा होने से पर्यावरण प्रदूषण और बीमारियां होती है। खासकर प्लास्टिक कचरा वायु, जल और मिट्टी को प्रदूषित करता है। उन्होंने कहा कि कचरा निस्तारण वाकई एक जटिल समस्या है लेकिन सही प्रयासों और आधुनिकतम तकनीक की विभिन्न पद्धतियों से समस्या का हल संभव है।

देवनानी ने किए महाकाल ज्योर्तिलिंग के दर्शन

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मध्य प्रदेश यात्रा के दौरान मंगलवार को अपराहन महाकाल की नगरी उज्जैन पहुँचे। देवनानी ने उज्जैन में महाकाल मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। देवनानी ने प्रदेश की समृद्धि व खुशहाली की कामना की। देवनानी ने कहा कि शिव शाश्वत चेतना के प्रतीक है। उन्होंने भगवान महाकाल को कोटि-कोटि नमन करते हुए देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि की प्रार्थना की।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर