home page

राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ आज इंदौर में, युवाओं से करेंगे संवाद

 | 
राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ आज इंदौर में, युवाओं से करेंगे संवाद


इंदौर, 19 सितंबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। इसमें शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विद्यार्थियों की बात सुनी जाएगी। इंदौर में होने वाला यह कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का पांचवां आयोजन है। इससे पहले इसके आयोजन कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में हो चुके हैं।

कार्यक्रम विवरण के मुताबिक राहुल गांधी आज दोपहर करीब 1.30 बजे इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल जाएंगे, जहां से शाम को कार्यक्रम स्थल रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान के लिए रवाना होंगे। यहां उनका विद्यार्थियों से संवाद प्रस्तावित है। इसके बाद रात करीब 9 बजे वे इंदौर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का केंद्र विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े मुद्दे हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जबकि प्रशासन को करीब 15 हजार विद्यार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इस कार्यक्रम को 31 शर्तों के साथ अनुमति दी गई है।

पुलिस और प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए अलग-अलग इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था शनिवार दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी। जरूरत और यातायात के दबाव के अनुसार इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे