भारतीय नौसेना की मेजबानी में हुई समुद्री सुरक्षा पर आईओएनएस कार्य समूह की बैठक

नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। समुद्री सुरक्षा पर भारतीय महासागर नौसेना संगोष्ठी (आईओएनएस) कार्य समूह की बैठक नई दिल्ली में भारतीय नौसेना की मेजबानी में हुई। इसमें आईओएनएस के 13 सदस्य देशों ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, फ्रांस, भारत, केन्या, मोजाम्बिक, ओमान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया और थाईलैंड के प्रतिनिधि शामिल हुए।
सहायक नौसेना प्रमुख (विदेशी सहयोग एवं खुफिया) रियर एडमिरल निर्भय बापना ने अपने मुख्य संबोधन में हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में क्षेत्रीय समुद्री सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई और समकालीन समुद्री सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए बहुपक्षीय तंत्र की बढ़ती आवश्यकता पर बल दिया।दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक विचार-विमर्श किया।
इस दौरान सूचना-साझाकरण ढांचों को बढ़ाने, समुद्री डोमेन जागरुकता को आगे बढ़ाने और उभरते खतरों को कम करने के लिए सहयोगी दृष्टिकोण अपनाने पर केंद्रित चर्चाएं हुईं। कार्य समूह ने समन्वित और समय पर क्षेत्रीय प्रतिक्रियाओं को सुविधाजनक बनाने के लिए सामंजस्यपूर्ण परिचालन दिशा-निर्देशों और व्यावहारिक उपायों के निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक के परिणामों से सदस्य नौसेनाओं के सुरक्षित हिंद महासागर क्षेत्र को बनाए रखने के सामूहिक संकल्प को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम