home page

राष्ट्रपति व अन्य ने 94वें वायुसेना दिवस पर सैनिकों को दी बधाई

 | 
राष्ट्रपति व अन्य ने 94वें वायुसेना दिवस पर सैनिकों को दी बधाई


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने गुरुवार को 94वें वायु सेना दिवस पर वायु योद्धाओं, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई दी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, भारतीय वायु सेना ने अपनी कुशलता, अनुशासन और तैयारी के उच्च मानकों को बनाए रखते हुए देश की बेहतरीन सेवा की है। 'ऑपरेशन सिंदूर' ने देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने में हमारे एयर वॉरियर्स के साहस, सटीकता और ऑपरेशनल तैयारी को साबित किया। उन्होंने आपदाओं और मानवीय संकटों के समय भी बहुमूल्य सहायता प्रदान की है। उनका समर्पण देश के लिए प्रेरणा और गर्व का स्रोत बना हुआ है। भारतीय वायु सेना सेवा और उत्कृष्टता की अपनी गौरवशाली परंपरा को इसी तरह बनाए रखे।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारतीय वायु सेना की वीरता, पेशेवर रवैया और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा देश की संप्रभुता की रक्षा करती है और देश को प्रेरित करती है। मानवीय सहायता और आपदा राहत में इसकी भूमिका, संकट के समय मानवता की सेवा करने के इसके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। भारतीय वायु सेना नई ऊंचाइयों को छूती रहे और देश की सेवा में सदैव तत्पर रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर साझा वीडियो में कहा कि आसमान की बातें तो निराली होती ही हैं। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि आसमान में अपनी शक्ति का परिचय देकर के भारतीय वायुसेना ने हर देशवासी का ध्यान अपनी ओर खींचा है, सुरक्षा का एहसास दिलाया है। बीते दशक में वायु सेना सहित देश की सभी सेनाओं के पास दुनिया की श्रेष्ठ प्रौद्योगिकी पहुँची है। भारत की वायुसेना अब सिर्फ़ हथियारों से ही नहीं, डेटा और ड्रोन से भी दुश्मन को छकाने में माहिर हो रही है। ऑपरेशन सिंदूर का एक-एक क्षण भारत की सेनाओं के सामर्थ्य की गवाही देता है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि अपने गौरवशाली इतिहास में वायु सेना ने साहस, अनुशासन, शौर्य और अदम्य संकल्प की ऐसी मिसालें कायम की हैं, जो हर भारतीय को गर्व से भर देती हैं। युद्ध के मोर्चे से लेकर मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों तक, देश के आकाशवीरों ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया है। आज भारतीय वायु सेना आधुनिक तकनीक, स्वदेशी क्षमताओं और नवाचार के साथ भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर रही है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय वायु सेना साहस, वीरता, अनुशासन और पेशेवर रवैये का प्रतीक है। अटूट संकल्प के साथ, वायु योद्धाओं ने हमेशा देश के आसमान की रक्षा की है और जब भी देश पर कोई संकट आया है, वे हर चुनौती का सामना करने के लिए तत्पर रहे हैं। उनके समर्पण और सेवा ने न केवल भारत की सुरक्षा को मजबूत किया है, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सामूहिक संकल्प की भावना को भी बहुत बढ़ावा दिया है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि ये असली बहादुर योद्धा हैं, जिनकी अजेय वीरता, सटीक निशाने और जबरदस्त हमले की क्षमता की गवाही धरती और दूर अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट देते हैं। भारत के दुश्मनों के दिवास्वप्न (खयाली पुलाव) के खत्म हो जाने के बाद भी, इनकी देशभक्ति और पेशेवर रवैया आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 'नभःस्पृशं दीप्तम्' आपकी असाधारण वीरता, साहस और शौर्य से भारत के नभ सुरक्षित और शत्रुओं के लिए अभेद्य हैं। राष्ट्र के प्रति आपकी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण सदैव युवाओं को देश की सेवा एवं अखंडता के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित करता रहेगा। अपने आकाश प्रहरी वीरों पर राष्ट्र को असीम गर्व है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी