भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के करीब, मुख्य पहलुओं की हुई समीक्षा
-भारत के साथ ऐतिहासिक व्यापार समझौते के बेहद करीब: अमेरिकी अधिकारी
नई दिल्ली, 24 जून (हि.स)। भारत और अमेरिका एक अंतरिम व्यापार समझौते के बेहद करीब हैं। अब बातचीत टैरिफ से मिलने वाले फायदे, मार्केट तक पहुंच और वॉशिंगटन के अस्थायी 10 फीसदी आयात शुल्क के लिए 24 जुलाई की डेडलाइन पर टिकी है।
भारत और अमेरिका ने नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में हुई दो दिवसीय मंत्री स्तरीय बैठक में प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के मुख्य मुद्दों की समीक्षा की। इन मुद्दों में बेहतर बाजार पहुंच, डिजिटल व्यापार और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करना शामिल है। यह बैठक केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के बीच हुई। बातचीत का मुख्य फोकस एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के तरीकों पर था, जो एक व्यापक बीटीए की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
बैठक में दोनों पक्षों ने 24 फरवरी को अमेरिका द्वारा अपने सभी व्यापारिक साझेदारों पर लगाए गए 10 फीसदी के अस्थायी टैरिफ की समय-सीमा खत्म होने से पहले बातचीत को अंतिम रूप देने पर व्यापक विचार-विमर्श किया। ये टैरिफ 24 जुलाई को खत्म हो जाएंगे। इस समझौते के लिए रूपरेखा इस साल फरवरी में घोषित की गई थी।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उदयोग मंत्री पीयूष गोयल के मुताबिक आज सुबह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि एंबेसडर जेमिसन ग्रीर और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठकों का एक दौर पूरा हुआ। गोयल ने कहा कि हमने भारत-अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता की प्रगति की समीक्षा की और अपनी आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मैं एंबेसडर ग्रीर के नेतृत्व और दोनों टीमों के लगातार प्रयासों की सराहना करता हूं, जिन्होंने हमारी बातचीत को रचनात्मक और भविष्योन्मुखी ढंग से आगे बढ़ाया है।
एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक अमेरिका और भारत एक ऐतिहासिक द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के 'बेहद करीब' हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता 140 करोड़ आबादी वाले भारतीय बाजार को पारस्परिक और दोनों पक्षों के लिए लाभकारी शर्तों पर अमेरिकी वस्तुओं के लिए खोलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

