home page

भारत ने यूएन शांति सैनिकों पर हमलों की निंदा की

 | 

नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारत ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूनिफिल) के तहत तैनात शांति सैनिकों पर हालिया हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत ने कहा कि वह लंबे समय से संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है और वर्तमान में यूनिफिल में लगभग 600 भारतीय सैनिक तैनात हैं, जो वैश्विक शांति और सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं।

भारत ने हाल में यूनिफिल में तैनात शांति सैनिकों पर हुए हमलों में मारे गए ‘ब्लू हेलमेट्स’ को श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी पक्षों से अपील की कि वे संयुक्त राष्ट्र मिशन की पवित्रता और शांति सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

भारत ने कहा कि एक प्रमुख और लंबे समय से शांति सैनिक भेजने वाले देश के रूप में और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2589 के अनुरूप, वह शांति सैनिकों के खिलाफ अपराधों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने की मांग करता है।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब दक्षिणी लेबनान में यूनिफिल के शांति सैनिकों पर हाल में कई हमले हुए हैं। 30 मार्च को एक प्रोजेक्टाइल विस्फोट में एक शांति सैनिक की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ। हालिया घटनाओं में सड़क किनारे विस्फोट और अन्य हमलों में कई शांति सैनिकों के मारे जाने की भी खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं के बीच क्षेत्र में इज़राइल और लेबनान के विद्रोही संगठन हिज़्बुल्लाह के बीच तनाव बढ़ा हुआ है, जिससे यूनिफिल मिशन के लिए सुरक्षा चुनौतियां और गंभीर हो गई हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार