पाकिस्तान के बयान को भारत ने किया खारिज, आतंकवाद पर घेरा
नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। भारत ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन से जुड़े न्यायिक मामलों पर पाकिस्तान के बयान को सख्ती से खारिज किया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को मीडिया के सवालों पर कहा कि भारत पाकिस्तान द्वारा जारी इस बयान को पूरी तरह अस्वीकार करता है, जिसमें एक प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन और उसके सदस्यों का समर्थन किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत के आंतरिक मामलों या न्यायिक प्रक्रियाओं पर टिप्पणी करने का पाकिस्तान को कोई अधिकार नहीं है। यह आश्चर्य की बात नहीं है कि एक ऐसा देश, जो लंबे समय से आतंकवाद को बढ़ावा देता रहा है, इस तरह का बयान दे रहा है, जो हिंसा और निर्दोष लोगों की हत्या को उचित ठहराता है।
प्रवक्ता ने पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कहा कि झूठ और भ्रामक बयानबाजी करने के बजाय उसे अपने यहां हो रहे गंभीर और व्यवस्थित मानवाधिकार उल्लंघनों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत एक मामले में कश्मीरी अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी को आजीवन कारावास और उनकी दो सहयोगी फहमीदा सोफी और नाहिदा नसीम को 30-30 साल की कैद की सजा सुनाई थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इस सजा पर कड़ी आपत्ति जताई थी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

